• Wed. Apr 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कटरा में भीषण सड़क हादसा, कार ट्रक से भिड़ी; दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

ByTen News One Desk

Mar 6, 2026
242 Views

कटरा में भीषण सड़क हादसा, कार ट्रक से भिड़ी; दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल


टेन न्यूज़ !! ०६ मार्च २०२६ !! पप्पू अंसारी

मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना क्षेत्र के चौधरी ढाबा के सामने सुबह करीब चार बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए बरेली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही दो युवकों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान मानसिंह पुत्र रमेश सिंह और अमित के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल राहुल पुत्र मनोज और विशाल पुत्र सत्येंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज बरेली के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि कार में सवार चारों युवक लखनऊ के डालीगंज (थाना हसनगंज) क्षेत्र के निवासी थे और हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही रात की ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!