• Wed. Apr 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बाजपुर कुमिरखा में चायनीज मांझे की चपेट में आकर युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर

ByTen News One Desk

Mar 6, 2026
42 Views

बाजपुर कुमिरखा में चायनीज मांझे की चपेट में आकर युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर


टेन न्यूज़ !! ०६ मार्च २०२६ !! पप्पू अंसारी

मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम बाजपुर कुमिरखा निवासी रामलड़ैते पुत्र मोहनलाल शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे तिलहर से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान लखनऊ–दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरयू के पास अचानक वह खतरनाक चायनीज मांझे की चपेट में आ गए। तेज धार वाले मांझे से उनका गला कट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद रामलड़ैते ने किसी तरह बाइक रोकी और मदद के लिए आवाज लगाई। आसपास मौजूद राहगीरों और दुकानदारों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा तो तुरंत मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए उनकी सहायता की और सूचना मिलने पर अनिल गंगवार उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटरा लेकर पहुंचे।

सीएचसी कटरा में डॉक्टरों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गले पर गहरी चोट होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

घायल रामलड़ैते ने बताया कि रास्ते में उन्हें मांझा दिखाई नहीं दिया। उन्हें यह भी पता नहीं चल सका कि मांझा किसी पेड़ में बंधा था या कोई पतंग उड़ा रहा था। अचानक गले में तेज झटका और दर्द महसूस हुआ, तब उन्हें पता चला कि वह चायनीज मांझे की चपेट में आ गए हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में चायनीज मांझे को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह खतरनाक मांझा पहले भी कई हादसों का कारण बन चुका है। लोगों ने प्रशासन से चायनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!