ईद-उल-फितर पर तिलहर में सुरक्षा के बीच अदा हुई नमाज, अधिकारियों ने लिया जायजा

टेन न्यूज़ !! २१ मार्च २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर, शाहजहाँपुर। ईद-उल-फितर के मद्देनजर थाना तिलहर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम मोजमपुर स्थित ईदगाह का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी तिलहर, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, क्षेत्राधिकारी अपराध, महिला उपनिरीक्षकगण एवं थाना तिलहर पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस की सतर्कता और समुचित व्यवस्था के चलते ईद की नमाज शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। नमाज के दौरान कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहीं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और लगातार निगरानी के कारण त्योहार को सकुशल संपन्न कराया गया। अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति और भाईचारे का माहौल बनाए रखने के लिए आमजन का भी सहयोग सराहा।






