तिलहर में भव्य दुर्गा जागरण का आयोजन, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल

टेन न्यूज़ !! २३ मार्च २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
तिलहर। नवरात्र पर्व के अवसर पर नगर के निजामगंज स्थित प्रसिद्ध संत घोड़ी बाबा मंदिर के समीप भव्य एवं विशाल दुर्गा जागरण का आयोजन किया गया। पूरी रात चले इस धार्मिक आयोजन में वृंदावन, लखनऊ, बरेली और शाहजहांपुर से आए भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
शनिवार रात करीब आठ बजे आयोजन समिति द्वारा पंडित संजीव कुमार मिश्र के सानिध्य में मां भगवती के भव्य दरबार में ज्योति प्रज्वलित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद गणेश वंदना के साथ जागरण का शुभारंभ हुआ।
जागरण में वृंदावन से आए भजन गायक अमन मिश्री ने माता की भेंट और श्रीराधा-कृष्ण के भजनों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। “मेरी नौकरी कर दे पक्की” और “तेरे बरसाने में धूम मचाने आए हैं” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।
इसके अलावा लखनऊ से आई भजन गायिका सोनम मिश्रा, बरेली के चित्रांश नमन और शाहजहांपुर के सुप्रीत दीवाना ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
भजनों के बीच-बीच में आकर्षक झांकियों का मंचन भी किया गया, जिसमें शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण और वीर बजरंगी की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरी रात पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
प्रातः काल तारा रानी की कथा के उपरांत माता की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।
इस आयोजन में कमलेश गुप्ता (पप्पू), मोहित गुप्ता, अनुभव सिंह गंगवार, प्रदीप गुप्ता, पवन शुक्ला, प्रमोद गंगवार, सुशील मिश्रा और सभासद राजीव यादव सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे।
आयोजन समिति ने बताया कि निजामगंज क्षेत्र में इस प्रकार का दुर्गा जागरण पहली बार आयोजित किया गया है और आगे भी इसे प्रतिवर्ष आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।





