• Tue. Nov 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सात फेरों से पहले लौट गई बारात, दहेज मांगने का आरोप

ByTen News One Desk

Nov 17, 2026
12 Views

सात फेरों से पहले लौट गई बारात, दहेज मांगने का आरोप


ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर शुरू हुआ विवाद, दुल्हन पक्ष ने सोने की चेन और 50 हजार रुपये मांगने की शिकायत की


टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !!  ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के बाबरपुर कस्बे में शादी समारोह के दौरान ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि सात फेरों से पहले ही बारात वापस लौट गई। दुल्हन पक्ष ने वर पक्ष पर सोने की चेन और 50 हजार रुपये अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

इस्लाम नगर निवासी दिनेश कुमार की 22 वर्षीय बेटी प्रीति उर्फ पारुल का विवाह भीखेपुर के लक्ष्मण की मड़ैया निवासी स्वर्गीय पुत्तू के 24 वर्षीय बेटे विकास के साथ तय हुआ था। 15 नवंबर को बाबरपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित शिवधाम गेस्ट हाउस में विवाह समारोह आयोजित किया गया था।

दुल्हन की मां प्रेमलता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी का विवाह 28 अक्टूबर 2026 को ककोर मुख्यालय में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत विकास के साथ हो चुका था। दोनों पक्षों की सहमति से 14 नवंबर को लगुन और 15 नवंबर को विवाह समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया था।

प्रेमलता के मुताबिक, लगुन समारोह में वर पक्ष को करीब ढाई लाख रुपये कीमत की बाइक दी गई थी। आरोप है कि विवाह समारोह के दौरान ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर विवाद शुरू हुआ और वर पक्ष ने सोने की चेन व 50 हजार रुपये अतिरिक्त देने की मांग कर दी। मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर वर पक्ष शादी से इनकार कर बारात लेकर लौट गया। इससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

शिकायत पर जांच में जुटी पुलिस

कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि लड़की पक्ष की ओर से शिकायत दी गई है। शादी का प्रमाणपत्र मंगाया गया है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पहले ही विवाह होने की बात की भी जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की जाएगी और जांच के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!