25 नवंबर को मांस रहित दिवस, बंद रहेंगी मांस की दुकानें
साधु टी.एल. वासवानी की जयंती पर शासन ने जारी किए निर्देश
टेन न्यूज़ !! १७ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। साधु टी.एल. वासवानी की जयंती 25 नवंबर को जनपद में मांस रहित दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस दिन जिले की सभी नगरीय निकायों में संचालित पशुवधशालाएं और मांस की दुकानें बंद रहेंगी।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने साधु टी.एल. वासवानी की जयंती के अवसर पर 25 नवंबर 2026 को मांस रहित दिवस घोषित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्थानीय निकायों में पशुवधशालाओं और मांस की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि महापुरुषों तथा अहिंसा के सिद्धांत का प्रतिपादन करने वाले महान व्यक्तित्वों की जयंती और प्रमुख धार्मिक पर्वों को अभय अथवा अहिंसा दिवस के रूप में मनाने के उद्देश्य से महावीर जयंती, बुद्ध जयंती, गांधी जयंती, साधु टी.एल. वासवानी जयंती और महाशिवरात्रि पर प्रदेश की सभी स्थानीय निकायों में यह व्यवस्था लागू की गई है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और नगरीय निकायों के अधिकारियों को शासन के आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 25 नवंबर को सभी पशुवधशालाओं और मांस की दुकानों को बंद रखना सुनिश्चित करने को कहा है।