उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लिया संज्ञान, शाहजहांपुर में रेडक्रॉस ब्लड बैंक निर्माण पर फोकस

टेन न्यूज़ ii 01 अप्रैल 2026 ii डेस्क न्यूज़@शाहजहांपुर
लखनऊ के कैसरबाग स्थित रेडक्रॉस भवन में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने की। बैठक में शाहजहांपुर से प्रबंधन समिति के सदस्य एवं सचिव डॉ. विजय जौहरी ने प्रतिभाग किया।
बैठक में शाहजहांपुर में प्रस्तावित रेडक्रॉस कार्यालय एवं ब्लड बैंक निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने इस परियोजना की स्थिति की जानकारी लेते हुए आश्वासन दिया कि अपने आगामी शाहजहांपुर दौरे के दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ रेडक्रॉस पदाधिकारियों की बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि स्थानीय स्तर पर कई बार अधिकारियों से संपर्क और वार्ता की गई, लेकिन अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण ब्लड बैंक निर्माण कार्य अटका हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि इस विषय में पहले राजभवन में पत्र दिया गया था, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अग्रसारित किया गया था। इसके बाद प्रमुख सचिव स्तर से जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे।
इसके बावजूद, वक्फ संपत्ति (मोहल्ला खलील शर्की, शाहजहांपुर) को कब्जे में लेकर ब्लड बैंक निर्माण हेतु उपलब्ध कराने की कार्रवाई अब तक नहीं हो सकी है। संबंधित अधिकारियों की इस निष्क्रियता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
डॉ. जौहरी ने इसे जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण मामला बताते हुए जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि जिले में ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध हो सके।
