Shahjahanpur News : खेत में उतरे अधिकारी, गेहूं की पैदावार का किया ऑन-द-स्पॉट आकलन
टेन न्यूज़ ii 01 अप्रैल 2026 ii डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर:
जिले में गेहूं की फसल की वास्तविक उत्पादकता जानने के लिए कृषि विभाग ने जमीनी स्तर पर जांच शुरू कर दी है। उप कृषि निदेशक के निर्देश पर विकासखण्ड भावलखेड़ा के ग्राम पंचायत सुतनेरा में अधिकारियों ने खेत पर पहुंचकर फसल कटाई की स्थिति का जायजा लिया।
बीज भंडार प्रभारी भावलखेड़ा की देखरेख में यह पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान सुतनेरा गांव के किसान अरविन्द कुमार के खेत में वैज्ञानिक तरीके से 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का 10×10×10 मीटर का समबाहु त्रिभुज प्लॉट तैयार कराया गया।
इसके बाद सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से गेहूं की क्रॉप कटिंग कराई गई, जिससे फसल की औसत उपज का सटीक आंकलन किया जा सके।
क्रॉप कटिंग के बाद गेहूं की पिटाई कराकर उसकी तौल भी कराई गई, जिसमें कुल 23.60 किलोग्राम उत्पादन प्राप्त हुआ।
अधिकारियों के अनुसार इस तरह की प्रक्रिया से जिले में फसल उत्पादन के वास्तविक आंकड़े जुटाने में मदद मिलती है, जो भविष्य की कृषि योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण साबित होते हैं।
इस मौके पर बीज भंडार प्रभारी ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसलों का बीमा और किसान पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का पूरा लाभ उन्हें मिल सके।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल हंसराम वर्मा, मोहित कुमार, बीमा कंपनी के जिला समन्वयक समी आलम, मुसाद रजा सहित कई ग्रामीण भी मौजूद रहे।
