गली से निकलना बना खतरा: सूर्य नगर में महिला ने पड़ोसी पर मारपीट, पथराव और धमकी के लगाए गंभीर आरोप
टेन न्यूज़ ii 01 अप्रैल 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो, औरैया |
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सूर्य नगर में एक महिला ने पड़ोसी युवक पर मारपीट, पथराव और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, सूर्य नगर निवासी रजवीन पुत्री आसीन मोहम्मद ने आरोप लगाया कि मंगलवार देर रात मोहल्ले का रहने वाला गुड्डू पुत्र इस्माइल उनके घर की खिड़की पर ईंट-पत्थर फेंकने लगा, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। आरोप है कि अगली सुबह भी आरोपी ने दोबारा पथराव किया।
पीड़िता के मुताबिक, जब वह दवाई लेने के लिए बाहर गई थीं, उसी दौरान आरोपी घर में घुस आया और उनकी मां के साथ मारपीट कर दी। उस समय मां घर में अकेली थीं, जिससे उन्हें कमर में गंभीर चोटें आईं। रजवीन का कहना है कि जब उन्होंने आरोपी से इस बारे में सवाल किया, तो उसने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उनके हाथ में चोट आई और मोबाइल फोन भी टूट गया। घटना में उनके बच्चे के घायल होने की भी बात सामने आई है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी अक्सर गाली-गलौज करता है और गली से निकलने पर जान से मारने की धमकी देता है, जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
