हवन-पूजन के साथ नए सत्र की शुरुआत: मझोला के विद्यालयों में गूंजा वैदिक मंत्रोच्चार
टेन न्यूज़ ii 01 अप्रैल 2026 ii रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो
पीलीभीत | मझोला
नवीन शैक्षिक सत्र के शुभारंभ पर पीलीभीत के कस्बा मझोला स्थित स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती शिशु मंदिर एवं चौधरी उमराव सिंह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भव्य हवन-पूजन का आयोजन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्येन्द्र सिंह एवं शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य धनपाल सिंह ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन कर की। इस दौरान सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और नए सत्र की मंगलमय शुरुआत के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य, भगिनी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर ईश्वर से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और श्रद्धा से ओतप्रोत रहा।
प्रधानाचार्यों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों के महत्व को समझाते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और सभी को नवीन शैक्षिक सत्र की शुभकामनाएं दी गईं।
(पीलीभीत से ब्यूरो चीफ रामचंद्र सक्सेना की रिपोर्ट)

