2027 में बूथ स्तर पर लड़ाई, संविधान बचाने की चर्चा गांव-गांव: अखिलेश यादव

टेन न्यूज़ !! ०३ मार्च २०२६ !! डीपी सिंह @डेस्क न्यूज़, लखनऊ, उत्तर प्रदेश ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बाबा साहब की जयंती को गांव स्तर पर मनाया जाएगा और संविधान पर मंडरा रहे संकट पर व्यापक चर्चा की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें, ताकि 2027 में भाजपा को हराकर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाई जा सके।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सौदागर की तरह काम कर रही है और हर चीज को बेचने में लगी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण ही महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता परेशान है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग स्वयं वेंटिलेटर पर है और कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसकी आवाज दबाने का प्रयास किया जाता है। डायल 100 की बेटियों के आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय भी सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की थी और आज फिर बेटियां सड़कों पर हैं।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि आज भी कई प्राथमिक विद्यालय जर्जर हालत में हैं और पढ़ाई के क्षेत्र में गैर-बराबरी खत्म नहीं हो पाई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार सवाल सुनना नहीं चाहती, इसलिए पढ़ाना भी नहीं चाहती।
ग्रीन कॉरिडोर परियोजना पर भी निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह विकास का नहीं, बल्कि बर्बादी का कॉरिडोर साबित हो रहा है, जिससे आम जनता को चौराहों पर रुकना पड़ रहा है।
