कन्नौज में BKU का प्रदर्शन “कार्रवाई नहीं तो आंदोलन” की चेतावनी
टेन न्यूज़ ii 08 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट
कन्नौज, उत्तर प्रदेश। भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ अपने समर्थकों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताते हुए एसपी ऑफिस का गेट खटखटाया।
इस दौरान जिला अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक को संबोधित ज्ञापन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार को सौंपा। ज्ञापन में चार अहम बिंदुओं के जरिए थाना तालग्राम में तैनात दरोगा दिनेश चंद यादव पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन के मुताबिक, दरोगा पर पिछले करीब चार वर्षों से महिलाओं व आम जनता के साथ अभद्र व्यवहार, अपराधियों को संरक्षण देने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने जैसे आरोप हैं। संगठन ने मामले में निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया गया है।
जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगा।
