प्राथमिक विद्यालय सौफरी में ‘मदर ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ का आयोजन, माताओं ने सराहा शिक्षण पद्धति
टेन न्यूज़ ii 17 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़ @
शाहजहांपुर।
प्राथमिक विद्यालय सौफरी में ‘मदर ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ का सफल आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों की माताओं को आमंत्रित कर उनके शैक्षिक विकास और विद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘वंडर बॉक्स’, खेल सामग्री एवं कक्षाओं में बनाए गए विभिन्न लर्निंग कॉर्नर्स का प्रदर्शन किया गया। शिक्षकों ने माताओं को बताया कि किस प्रकार बच्चे गतिविधि-आधारित, सरल और रोचक तरीकों से सीखते हैं। साथ ही यह भी समझाया गया कि घर पर भी खेल-खेल में बच्चों के लिए शैक्षिक वातावरण कैसे तैयार किया जा सकता है।
इस अवसर पर परी, नमन, सत्यम, प्रज्ञा, कार्तिक कनौजिया एवं आयुष की माताओं ने अपने बच्चों की प्रगति देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। माताओं ने इस पहल के लिए आभार जताते हुए बच्चों की शिक्षा में शिक्षकों का सहयोग करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम को और रोचक बनाने के लिए इंचार्ज प्रधानाध्यापिका द्वारा एक मनोरंजक गतिविधि कराई गई, जिसमें ‘म्यूजिक बंद होते ही जिसके हाथ में गेंद होगी, उसे अपनी मातृभाषा में लोकगीत सुनाना होगा।’ इस गतिविधि के माध्यम से माताओं को यह बताया गया कि वे घर पर भी इसी तरह खेल-खेल में बच्चों को गिनती, आकार और पैटर्न जैसी चीजें आसानी से सिखा सकती हैं।
माताओं ने उत्साहपूर्वक गतिविधि में भाग लिया और इसे बेहद आनंददायक बताया। उन्होंने कहा कि दैनिक कार्यों में व्यस्त रहने के बावजूद इस प्रकार के कार्यक्रम उन्हें नया सीखने और आनंद लेने का अवसर प्रदान करते हैं।
माताओं की सक्रिय भागीदारी, उत्साह और सहयोग के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
