कटरा नगर पंचायत उपचुनाव : इस निर्दलीय के समर्थन से बदला चुनावी समीकरण, भाजपा खेमे में बढ़ा उत्साह
टेन न्यूज़ ii 18 अप्रैल 2026 ii पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर
नगर पंचायत उपचुनाव में चुनावी सरगर्मियां चरम पर हैं और इसी बीच एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम ने पूरे समीकरण को बदल दिया है। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और क्षेत्रीय विधायक डॉ. वीर विक्रम प्रिंस की मौजूदगी ने चुनावी माहौल को नई दिशा दे दी।
कार्यक्रम के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी ओम कश्यप ने भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा कर दी। उनके इस फैसले को चुनाव में बड़ा मोड़ माना जा रहा है। समर्थकों की भारी मौजूदगी में हुए इस ऐलान के बाद भाजपा खेमे में उत्साह की लहर दौड़ गई।
सभा को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के एजेंडे पर काम कर रही है और नगर के समग्र विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी की जीत आवश्यक है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास और स्थिरता के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें।
वहीं विधायक डॉ. वीर विक्रम प्रिंस ने भी भरोसा जताते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी को मिल रहा जनसमर्थन जीत की ओर स्पष्ट संकेत दे रहा है। उन्होंने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी ओम कश्यप के समर्थन से भाजपा की स्थिति और अधिक मजबूत हुई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस समर्थन के बाद उपचुनाव का पूरा समीकरण बदल गया है और मुकाबला अब और अधिक रोचक और कांटे का हो गया है।
