छिबरामऊ में नारी शक्ति का उग्र प्रदर्शन, राहुल गांधी व अखिलेश यादव का फूंका पुतला
टेन न्यूज़ ii 18 अप्रैल 2026 ii रिपोर्ट: नीरज प्रताप सिंह
लोकेशन: छिबरामऊ (कन्नौज)
छिबरामऊ नगर के तालग्राम रोड स्थित पंडित मथुरा प्रसाद कोल्ड स्टोरेज परिसर में शनिवार को भाजपा के नेतृत्व में महिलाओं का बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायिका अर्चना पांडेय ने किया, जिसमें भारी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं, भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने काली पट्टी बांधकर और काले झंडे लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान विरोध स्वरूप कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला भी फूंका गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक का कांग्रेस और सपा ने विरोध किया, जो नारी शक्ति के सम्मान के खिलाफ है।
विधायिका अर्चना पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में महिलाओं को लक्ष्मी, पार्वती और शक्ति के रूप में पूजा जाता है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में नारी शक्ति ऐसे नेताओं को मुंहतोड़ जवाब देगी।
कार्यक्रम के अंत में “शर्म करो, शर्म करो” के नारों के बीच राहुल गांधी और अखिलेश यादव के खिलाफ जमकर विरोध जताया गया।
इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, भाजपा नेता शैलेंद्र द्विवेदी, महिला मोर्चा की सुमन पाराशर, संध्या त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
टेन न्यूज़ के लिए छिबरामऊ कन्नौज से नीरज प्रताप सिंह की रिपोर्ट
