• Sat. Apr 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर में शिक्षामित्र सम्मेलन आयोजित, मानदेय वृद्धि पर मंत्री ने दी बधाई

ByTen News One Desk

Apr 18, 2026
11 Views

शाहजहांपुर में शिक्षामित्र सम्मेलन आयोजित, मानदेय वृद्धि पर मंत्री ने दी बधाई


टेन न्यूज़ ii 18 अप्रैल 2026 ii नीरज शर्मा, शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र कश्यप की अध्यक्षता में गन्ना शोध संस्थान में भव्य शिक्षामित्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान “स्कूल चलो अभियान” के तहत बच्चों को पुस्तकें वितरित की गईं तथा गुब्बारे उड़ाकर शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। संवाद सत्र में शिक्षामित्र संघ के जिला संरक्षक डॉ. रत्नाकर दीक्षित ने सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि के निर्णय की सराहना की।

अपने संबोधन में मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि से उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि शिक्षक ही बच्चों के सपनों को दिशा देते हैं और देश के भविष्य को संवारते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की मेहनत का कोई पैमाना नहीं होता।

मंत्री ने बताया कि पहले शिक्षामित्रों को मात्र ₹3500 मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर ₹10000 किया गया और अब 80 प्रतिशत वृद्धि कर ₹18000 प्रतिमाह किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षामित्रों की अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने शिक्षामित्रों से अपील की कि वे गांव के गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें और “निपुण विद्यालय” बनाने में योगदान दें।

महिला शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए मंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया और केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों का उल्लेख किया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न ब्लॉकों से आए उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षामित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष केसी मिश्र, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!