मिशन शक्ति के तहत तीनों तहसीलों में गठित हुई संयुक्त टीमें, अवैध कब्जों पर चला अभियान
टेन न्यूज़ ii 18 अप्रैल 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया
औरैया। मिशन शक्ति समाधान के तहत जनपद की तीनों तहसीलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन कर व्यापक अभियान चलाया गया।
इस दौरान सरकारी भूमि, खाद के गड्ढे, चकरोड, बंजर भूमि, नाली/कूल, तालाब एवं चकमार्ग आदि पर हुए अवैध कब्जों को हटवाने के साथ ही ग्रामीणों के आपसी विवादों का निस्तारण भी कराया गया।
तहसील औरैया क्षेत्र के ग्राम मिहौली, अजनपुर, सैनपुर, पुर्वारहट, पढीन, खानपुर, जैतापुर, बमुरीपुर, मढापुर, जरूहौलिया, दौही, गौरी गंगाप्रसाद, गोपालपुर, शेरपुर सरैया, मुढी, कुढरा और शाहआलमपुर सहित विभिन्न गांवों में वर्षों पुराने कुल 26 मामलों का समाधान किया गया। टीमों ने पैमाइश कर निशानदेही करते हुए चकमार्ग, नाली, तालाब, खेल के मैदान एवं बंजर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
वहीं तहसील अजीतमल के ग्राम नगला सिमार, शौहरी गढ़िया, विलावा, बिरुहूनी, भीखेपुर, अब्दुल्लापुर, नवादा ज्वाला प्रसाद एवं अयाना सलैया में कुल 18 पुराने मामलों का निस्तारण किया गया।
यहां भी राजस्व व पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को खाली कराया और आपसी विवादों को सुलझाया।
तहसील बिधूना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भी मिशन समाधान के तहत अभियान चलाकर कई वर्षों से लंबित मामलों का निस्तारण किया गया। टीमों ने पैमाइश व चिन्हांकन कर अवैध कब्जे हटवाए और मौके पर ही विवादों का समाधान कराया।
प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ ही लोगों को त्वरित न्याय भी मिला।
