टायर फटने से पिकअप अनियंत्रित, युवक गंभीर घायल
टेन न्यूज ii 18 अप्रैल 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया
औरैया। नेशनल हाईवे पर मिहोंली के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार पिकअप कानपुर से सामान खाली कर इटावा की ओर जा रही थी। इसी दौरान मिहोंली के पास अचानक वाहन का टायर फट गया।
टायर फटने से चालक पिकअप पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे में पिकअप पर सवार आलोक पुत्र जगदीश बाबू निवासी इमलिया, अजीतमल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद साथी की मदद से घायल को जनपद के 50 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
पिकअप चालक पवन ने बताया कि वाहन सामान्य गति से चल रहा था, तभी अचानक टायर फटने से हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से नियंत्रित किया गया।
