फॉर्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर एडीएम का एक्शन, रात में गांव पहुंचकर लगाई चौपाल, लेखपाल निलंबित
टेन न्यूज़ ii 19 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह शाहजहांपुर (उ.प्र.)
फॉर्मर रजिस्ट्री न बनने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अरविन्द कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार रात ग्राम चंदौरा बहादुर (परगना कांट, तहसील सदर) में पहुंचकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। एडीएम के अचानक पहुंचने से गांव में हलचल मच गई और सैकड़ों ग्रामीण पंचायत भवन पर एकत्र हो गए।
रात्रि में ही प्रकाश व्यवस्था कर चौपाल आयोजित की गई, जहां एडीएम ने एक-एक ग्रामीण की समस्या गंभीरता से सुनी और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने फॉर्मर रजिस्ट्री न बनने, विरासत लंबित होने, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्रों में अनियमितता, कृषक दुर्घटना योजना के लाभ न मिलने, गौशाला की जमीन की पैमाइश न होने जैसी कई शिकायतें रखीं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 1 अप्रैल से कैंप लगाए जाने के निर्देश के बावजूद संबंधित लेखपाल केवल एक दिन ही गांव आया और अधिकांश कार्य लंबित पड़े हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम में तैनात लेखपाल आशीष कुमार यादव के निलंबन की संस्तुति की, जिसके बाद उप जिलाधिकारी सदर द्वारा लेखपाल को निलंबित कर दिया गया।
एडीएम ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 30 अप्रैल तक पंचायत भवनों पर कैंप लगाकर फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य कराया जा रहा है, जिसमें लेखपाल, पंचायत सहायक व जनसेवा केंद्र के कर्मचारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
