अलवर में सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन, सादगी और सामाजिक एकता का संदेश
टेन न्यूज़ ii 20 अप्रैल 2026 ii अलवर (राजस्थान) से रुपेश शर्मा की रिपोर्ट
अलवर। स्टेशन रोड स्थित सार्वजनिक गौशाला में सतीश भाटिया चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के लिए बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन वर-वधु के लिए जीवनभर साथ निभाने की पवित्र बेला का उत्सव है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन जरूरतमंद परिवारों के लिए सबसे बड़े सहारा बनकर उभरते हैं और समाज में एकता, सद्भाव एवं सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने बढ़ती महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन फिजूल खर्ची को रोकने के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मजबूती प्रदान करते हैं। साथ ही यह आयोजन सादगीपूर्ण विवाह की प्रेरणा भी देते हैं।
टीकाराम जूली ने सतीश भाटिया चैरिटेबल ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था न केवल परंपराओं को निभा रही है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस ट्रस्ट की पहचान देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक बनी हुई है।
कार्यक्रम में सतीश भाटिया, अजय अग्रवाल, गोपाल जायसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बाइट: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली
बाइट: सतीश भाटिया
