टिसुआ चौराहे पर दर्दनाक हादसा: युवती को बचाने में बिगड़ा संतुलन, युवक गंभीर
टेन न्यूज ii 26 अप्रैल 2026 ii मुनीश चन्द्र
फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। क्षेत्र के टिसुआ चौराहे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना करीब शाम 5:25 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गोला क्षेत्र निवासी सौरभ होमगार्ड भर्ती परीक्षा देकर बरेली से वापस लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चौराहे पर अचानक सामने आई एक युवती को बचाने के प्रयास में उसकी मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और बाइक डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि सौरभ को गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसके हाथ और पैर की हड्डियां टूट गईं, जबकि सिर पर भी गहरी चोट लगी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए घायल युवक को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए उसे इलाज के लिए बरेली भेजा गया।
बताया जा रहा है कि सौरभ नई हीरो स्प्लेंडर बाइक से सफर कर रहा था, जिस पर अभी नंबर प्लेट नहीं लगी थी। उसने खुद को गोला निवासी अभय सिंह का पुत्र बताया है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि टिसुआ चौराहे पर यातायात व्यवस्था की कमी के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। व्यापारी मयंक तिवारी ने प्रशासन से यहां फ्लाईओवर या अन्य ठोस इंतजाम करने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
