अलवर में भारत विकास परिषद की प्रांतीय कार्यशाला सम्पन्न, अलवर शाखा को मिला सम्मान
टेन न्यूज़ ii 27 अप्रैल 2026 ii अलवर (राजस्थान) | ब्यूरो रिपोर्ट – रुपेश शर्मा
अलवर की पावन धरा पर भारत विकास परिषद राजस्थान उत्तर-पूर्व प्रांत की महत्वपूर्ण प्रांतीय कार्यशाला का सफल आयोजन अलवर शाखा के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस कार्यशाला में अलवर, कोटपुतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा जिलों की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रांत द्वारा अलवर शाखा को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही शाखा के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष को मैडल पहनाकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात वरिष्ठ सदस्य डॉ. कुमकुम कपूर ने ‘वंदे मातरम्’ का सुमधुर गायन प्रस्तुत किया।
प्रथम सत्र में शाखा अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह आयोजन संगठन के विचारों, उद्देश्यों और सेवा कार्यों को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम है।
इस दौरान विभिन्न वक्ताओं ने संगठन के लक्ष्य, संरचना और कार्यप्रणाली पर अपने विचार रखे। डॉ. शिवदयाल मंगल ने परिषद के उद्देश्य और दर्शन को विस्तार से समझाया, जबकि प्रांतीय महासचिव ओमप्रकाश रावत ने संगठनात्मक ढांचे, नियमों और पदाधिकारियों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
द्वितीय सत्र में प्रांतीय पदाधिकारियों ने संपर्क, सेवा, संस्कार, महिला सहभागिता एवं पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की।
भोजनावकाश के बाद तीसरे सत्र में शाखा संचालन, कार्य योजना, सदस्यता विस्तार, वित्तीय पारदर्शिता, बैंक खातों की समीक्षा, एप्प के उपयोग एवं टीम वर्क जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध रिपोर्टिंग पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन रमन सोनी एवं शोभा अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में शाखा सचिव अशोक कुमार गुप्ता ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।
