रायबरेली में बेखौफ ‘रीलबाज’! लाठी-डंडों के साथ वीडियो बनाकर फैलाई दहशत![]()
टेन न्यूज ii 01 मई 2026 ii रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट
रायबरेली। जनपद में सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज अब खतरनाक मोड़ लेता जा रहा है। ताजा मामला जगतपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां दर्जनों युवकों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
चेहरे ढके, हाथों में डंडे
वायरल वीडियो में करीब एक दर्जन से अधिक युवक अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए दिखाई दे रहे हैं और हाथों में लाठी-डंडे लहराते हुए सड़कों पर घूम रहे हैं। वीडियो को ‘दमदार’ बनाने के लिए बैकग्राउंड में तेज और भय पैदा करने वाला गाना भी जोड़ा गया है। पूरा वीडियो किसी फिल्मी सीन जैसा प्रतीत हो रहा है, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि युवकों का उद्देश्य इलाके में खौफ पैदा करना था।
पुलिस की रडार पर रीलबाज
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वीडियो में दिख रहे युवक जगतपुर थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस उनकी पहचान करने में जुट गई है और वीडियो के आधार पर साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह लाठी-डंडे लहराना और दहशत फैलाना कानूनन अपराध है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की होड़ में युवा किस हद तक कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों को नजरअंदाज कर रहे हैं।