तेज रफ्तार का कहर: तिलहर हाईवे पर सड़क हादसे में महिला की मौत, पति-बेटी घायल, निगोही में सफाई व्यवस्था चौपट
टेन न्यूज़ ii 03 मई 2026 ii अमुक सक्सेना
शाहजहाँपुर के तिलहर नेशनल हाईवे पर नगरिया चौकी क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहल्ला मोहम्मद जई निवासी राजीव वर्मा अपनी पत्नी गीता (35) और बेटी काव्य के साथ मंदिर से लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में गीता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि राजीव वर्मा और उनकी बेटी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भेजा।
चौकी प्रभारी अनुज चौधरी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गीता अपने पीछे तीन बेटियों—अंशिका, सौम्या और काव्य—को छोड़ गई हैं, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सफाई कर्मियों की हड़ताल के बीच अध्यक्ष खुद उतरे मैदान में, उठाया कूड़ा—मिसाल बनी पहल
निगोही नगर पंचायत में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते फैली अव्यवस्था के बीच नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा ने अनोखी पहल की। उन्होंने सभासदों के साथ खुद सफाई की कमान संभालते हुए सड़कों पर उतरकर कूड़ा उठाया।
अध्यक्ष की इस पहल की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि का इस तरह खुद मैदान में उतरना जिम्मेदारी और जनसेवा की सच्ची मिसाल है।
