तिलहर में दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से मोपेड सवार युवक की मौत

टेन न्यूज़ !! ०४ मई २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
शाहजहांपुर जनपद के तिलहर क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा तिलहर-जैतीपुर रोड पर भुडेली गांव से पहले एक पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने मोपेड सवार को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई जगेंद्र सिंह और एसआई देवेंद्र कुमार ने तुरंत घायल युवक को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले एक बिल के आधार पर गढ़िया रंगीन निवासी जगताराम सैनी के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और कुछ ही देर में मृतक की पत्नी मंजू, बेटे अमन और अनमोल सीएचसी पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार, जगताराम सैनी गांव-गांव घूमकर कपड़ों की फेरी लगाते थे। रविवार दोपहर वह शाहजहांपुर कपड़ा लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन की पहचान कर आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।