हाई वोल्टेज ड्रामा: प्रेमी के लिए 33 हजार वोल्ट के टावर पर चढ़ी किशोरी, जानिए पुलिस ने कैसे उतारी युवती
टेन न्यूज ।। 14 मई 2026 ।। रिपोर्ट: नीरज प्रताप सिंह
लोकेशन: छिबरामऊ, कन्नौज
कन्नौज जनपद के छिबरामऊ क्षेत्र के खुडावा गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 16 वर्षीय किशोरी प्रेम प्रसंग के चलते 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। किशोरी को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि किशोरी का अकबरपुर निवासी विवेक कश्यप से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अलग बिरादरी के होने के कारण परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। बुधवार को परिजनों ने किशोरी की शादी दूसरी जगह तय करने की बात कही, जिससे नाराज होकर वह घर से निकल गई और हाईवे किनारे लगे बिजली टावर पर चढ़ गई।
सूचना मिलते ही सिकंदरपुर चौकी इंचार्ज गजेंद्र पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी रही। करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस और ग्रामीणों की सांसें अटकी रहीं।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रेमी विवेक कश्यप को मौके पर बुलवाया। प्रेमी के पहुंचने और शादी का आश्वासन मिलने के बाद किशोरी सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने किशोरी को समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
