शाहजहांपुर में सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का रंगारंग आयोजन

टेन न्यूज़ ii 15 मई 2026 ii डीपी सिंह@शाहजहांपुर। जिला प्रशासन द्वारा जनपद स्तरीय सामूहिक सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को दून इंटरनेशनल स्कूल के सभागार में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ धर्मेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता, डायट प्राचार्य सोनिया गुप्ता एवं प्रधानाचार्या शमा ज़ैदी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
प्रतियोगिता में 8 मई को आयोजित विभिन्न ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं से चयनित कुल 18 विजेता टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने लोक संस्कृति, देशभक्ति और सामाजिक संदेशों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पूरे सभागार में सांस्कृतिक उत्साह और रंगारंग माहौल देखने को मिला।
निर्णायक मंडल में संजय कुमार मौर्य, श्रीमती नम्रता लता एवं श्री रोहित सिंह शामिल रहे। प्रतियोगिता में राजकीय हाईस्कूल पिपरौला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आर्य महिला इंटर कॉलेज द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय मठिया पुवायां तृतीय स्थान पर रहा। अन्य 15 विजेता टीमों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को क्रमशः 25 हजार, 20 हजार और 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी, जबकि शेष 15 टीमों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय निदेशक डा. जसमीत साहनी, संदेश श्रीमाली, नेहा मिश्रा, शिप्रा, इशिका शुक्ला, कोमल सिक्का, विशाल, सुशांत, जिला समन्वयक राजन प्रजापति, डॉ. ब्रजेश कुमार, सत्यपाल सिंह, गौरव सक्सेना, विपिन कुमार श्रीवास्तव एवं नितिश कुमार सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
