• Fri. May 15th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

रायबरेली पहुंचे मंत्री मनोज पाण्डेय, अखिलेश यादव पर बोला बड़ा हमला

ByTen News One Desk

May 15, 2026
6 Views

रायबरेली पहुंचे मंत्री मनोज पाण्डेय, अखिलेश यादव पर बोला बड़ा हमला


टेन न्यूज़ ii 15 मई 2026 ii वसीम खान ब्यूरो

रायबरेली। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचे मनोज कुमार पाण्डेय का कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने भव्य स्वागत किया। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही जगह-जगह ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और स्वागत द्वारों के जरिए उनका अभिनंदन किया गया। चुरवा बॉर्डर से लेकर शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र तक समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। मंत्री मनोज पाण्डेय ने लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए जनता और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रायबरेली की जनता ने हमेशा उन्हें प्यार और समर्थन दिया है, जिसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के विकास, सड़क, बिजली, पानी और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।

मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री मनोज पाण्डेय ने अखिलेश यादव और सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी पर तीखा हमला बोला। हाल ही में अखिलेश यादव द्वारा दिए गए “पंडित से पूछकर पैर निकालने” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को इस समय आत्मचिंतन की सख्त जरूरत है।

उन्होंने कहा, “जिस तरह की बयानबाजी समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा की जा रही है, उससे साफ है कि पार्टी दिशाहीन होती जा रही है। ऐसे बयान समाज में भ्रम फैलाने वाले हैं और यही सोच पार्टी को रसातल में ले जाएगी।” मंत्री ने कहा कि जनता अब विकास और सकारात्मक राजनीति चाहती है, न कि विवादित बयानबाजी।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देकर काम कर रही है और जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ लगातार मजबूत हो रहा है।

टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!