शाहजहांपुर : दिव्यांग यात्री को सीट न मिलने का वीडियो वायरल, रोडवेज कर्मियों पर संवेदनहीनता के आरोप

शाहजहांपुर। शाहजहांपुर से बरेली जा रही रोडवेज बस में एक दिव्यांग यात्री के साथ कथित संवेदनहीनता का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार रोडवेज बस संख्या UP 81 BT 8286 में दोनों पैरों से दिव्यांग एक यात्री सफर कर रहा था। आरोप है कि बस में मौजूद चालक और परिचालक ने यात्री को सीट उपलब्ध नहीं कराई, जिसके चलते वह पूरे रास्ते नीचे बैठने को मजबूर रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में मौजूद कुछ यात्रियों और एक पत्रकार ने दिव्यांग यात्री को सीट दिलाने की बात कही, जिस पर चालक और परिचालक के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया। हालांकि, इस संबंध में परिवहन विभाग की ओर से अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यात्रियों का कहना है कि दिव्यांग और जरूरतमंद यात्रियों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
फिलहाल मामले को लेकर परिवहन विभाग से जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।
टेन न्यूज़ के लिए शाहजहांपुर से रिपोर्ट।
