नवरात्रि पर फर्रुखाबाद में सुरक्षा सख्त, एडीजी और एसपी ने किया मंदिरों का निरीक्षण![]()
गुड़गांव देवी और शीतला माता मंदिर पहुंचे अधिकारी, भीड़ प्रबंधन को लेकर दिए निर्देश
टेन न्यूज।। 17 अक्टूबर 2026 ।। संवाददाता: तौफीक फारूकी
फर्रुखाबाद। शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के अंतर्गत गुड़गांव देवी मंदिर तथा थाना कादरी गेट क्षेत्र के शीतला देवी मंदिर और रामलीला मैदान का दौरा किया। इस दौरान मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा भीड़ नियंत्रण से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ बढ़ने की स्थिति में प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
गुड़गांव देवी और शीतला देवी मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। वहीं, रामलीला मैदान का निरीक्षण कर पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
एडीजी और एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहे।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।