मीरानपुर कटरा में आमने-सामने दो बाइकों की भिड़ंत, दोनों चालक गंभीर घायल![]()
टेन न्यूज़ ii 24 मई 2026 ii पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के जलालाबाद रोड पर खैरपुर के समीप सहमपुर गांव के पास शनिवार शाम तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुदागंज मोहल्ला जलालपुर निवासी मो. आसाद (28) पुत्र अली अहमद जलालाबाद की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे सहमपुर निवासी सुरेन्द्र (35) पुत्र बाबूराम की बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर जाम जैसे हालात बने रहे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारु कराया। वहीं, घायल युवकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।