कटरा क्षेत्र में पत्नी को जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज़ !! २५ मई २०२६ !! पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। थाना कटरा पुलिस ने महिला को जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम रमापुर उत्तरी निवासी मंटू कश्यप ने थाना कटरा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव निवासी जाकिर पुत्र रियासत ने उसकी पत्नी को जहरीला पदार्थ खिला दिया था। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार चल रहा था।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सेंगर एवं क्राइम इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।
सोमवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बरेली-शाहजहांपुर हाईवे से सीएचसी कटरा जाने वाली सड़क पर नहर पुलिया के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 23 वर्षीय आरोपी जाकिर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कांस्टेबल अंकित नेहरा एवं कांस्टेबल प्रवीन शर्मा भी शामिल रहे। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।