• Mon. May 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अवैध मिट्टी खनन ने ली तीन मासूमों की जान, तालाब के गहरे गड्ढे में डूबने से मौत

ByTen News One Desk

May 25, 2026
2 Views

अवैध मिट्टी खनन ने ली तीन मासूमों की जान, तालाब के गहरे गड्ढे में डूबने से मौत


टेन न्यूज़ ii 25 मई 2026 ii अभय द्विवेदी ब्यूरो| लोकेशन: हमीरपुर

हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के गांव कुनेहटा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गांव स्थित कलारन तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तालाब में अवैध मिट्टी खनन के कारण बने गहरे गड्ढे हादसे की वजह बने। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव के कुछ बच्चे रामजानकी मंदिर के पास स्थित कलारन तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान प्रबल पुत्र घनश्याम यादव, आदित्य पुत्र राजू कुशवाहा और भोला पुत्र सीताराम कुशवाहा नहाते समय तालाब में बने गहरे गड्ढे में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद बच्चों और स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को बाहर निकालकर मौदहा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर फैलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और मृतक परिवारों को ढांढस बंधाने का सिलसिला शुरू हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष भी इसी तालाब में डूबने से एक साथ तीन बच्चों की मौत हुई थी, लेकिन इसके बावजूद तालाब में बने खतरनाक गड्ढों को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!