कटरा थाना क्षेत्र में आंधी ने मचाई तबाही, रेलवे स्टेशन की लूप लाइन पर गिरा विशाल पेड़; 16 घंटे बिजली रही ठप![]()
टेन न्यूज़ ii 26 मई 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । बीती शाम आई तेज आंधी और बारिश ने नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के कारण जगह-जगह पेड़, बिजली के खंभे और तार टूटकर गिर गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था करीब 16 घंटे तक बाधित रही। आंधी से जनजीवन प्रभावित होने के साथ लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।
गांव मुड़िया चक में चंद्रपाल के मकान के पास खड़ा विशाल नीम का पेड़ तेज आंधी के चलते अचानक गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से घर में मौजूद रंजना नाम की युवती घायल हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं पेड़ गिरने से चंद्रपाल का मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और प्रशासन से मुआवजे की मांग की गई है।![]()
उधर, मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन की लूप लाइन पर एक विशाल पाकड़ का पेड़ गिर पड़ा। घटना के समय लाइन पर रेलवे के डिब्बे खड़े थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। रेलवे कर्मचारियों ने देर रात तक मशक्कत कर पेड़ हटाया, जिससे रेल संचालन प्रभावित होने से बच गया।
आंधी का असर हाईवे किनारे के कारोबारियों पर भी पड़ा। तेज हवाओं में टीनशेड, खोखे और बांस के ठट्टर उड़ गए, जिससे कई दुकानदारों का सामान बिखर गया और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
बिजली विभाग की टीम ने रातभर और मंगलवार सुबह तक फॉल्ट तलाशने का काम किया। करीब 16 घंटे बाद मंगलवार दोपहर मुख्य लाइन दुरुस्त होने पर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।