• Wed. May 27th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सोनितपुर जिले के सार्वजनिक नामघर में चोरी से सनसनी, धार्मिक स्थल से कांसा-पीतल के सामान व नकदी पार

ByTen News One Desk

May 27, 2026
2 Views

सोनितपुर जिले के सार्वजनिक नामघर में चोरी से सनसनी, धार्मिक स्थल से कांसा-पीतल के सामान व नकदी पार


टेन न्यूज ii 27 मई 2026 ii प्रशांत वैश्य ब्यूरो

असम/सोनितपुर। असम के सोनितपुर जिले के अंतर्गत ढेकियाजुली राजस्व चक्र क्षेत्र के ओरियंटली गांव स्थित सार्वजनिक नामघर में बीती रात हुई चोरी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। धार्मिक आयोजन और सामाजिक सौहार्द्र के प्रमुख केंद्र माने जाने वाले नामघर में चोरी की वारदात से स्थानीय लोगों में गहरा रोष और चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात अज्ञात चोरों ने ओरियंटली सार्वजनिक नामघर में घुसकर कांसा-पीतल के कई मूल्यवान सामान चोरी कर लिए, साथ ही कुछ नकद राशि भी लेकर फरार हो गए। सुबह जब नामघर के जिम्मेदार लोगों को घटना की जानकारी हुई तो इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई।

घटना की कड़ी निंदा करते हुए असम जातीयतावादी युवा छात्र परिषद के केंद्रीय मुख्य उपदेष्टा राणा प्रताप बरुवा ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ड्रग्स और नशीले पदार्थों का बढ़ता प्रचलन इस तरह की घटनाओं का एक बड़ा कारण हो सकता है। उन्होंने धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना को समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पुलिस से गंभीर जांच की मांग की।

वहीं युवा समाजसेवी प्रणवज्योति नाथ ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से आम लोग भयभीत हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी हुए सामान बरामद करने की मांग की।

ओरियंटली सार्वजनिक नामघर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पंकज सैकिया और सचिव अनिल कुमार नाथ ने भी घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की अपील की। समिति के अन्य पदाधिकारियों ने भी घटना को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान को बरामद करेगी।

रिपोर्ट: प्रशांत वैश्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!