कन्नौज में पीएनजी आपूर्ति विस्तार को नई रफ्तार, डीएम कैंप कार्यालय में प्रथम कनेक्शन शुरू![]()
टेन न्यूज ii 31 मई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
लोकेशन: कन्नौज, उत्तर प्रदेश
कन्नौज जनपद में स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल ईंधन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) आपूर्ति विस्तार को नई गति मिली है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें एचपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में जनपद में पीएनजी नेटवर्क विस्तार, आमजन तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने और औद्योगिक क्षेत्रों में इसके उपयोग को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई।![]()
बैठक में एचपीसीएल के कार्यकारी निदेशक (नेचुरल गैस) अनुज मेहरोत्रा, हेड–सीजीडी अनिमेष कुमार सिन्हा और हेड–सीजीडी (यूपी/यूके क्लस्टर) पी. आनंद विक्टर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घरेलू, आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों में पीएनजी आपूर्ति मजबूत करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
विशेष रूप से कन्नौज के प्रसिद्ध इत्र उद्योग को स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती ईंधन उपलब्ध कराने तथा आम नागरिकों के घरों तक चौबीसों घंटे निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी, ऊर्जा आपूर्ति अधिक सुगम होगी और नागरिकों को सुरक्षित व सुविधाजनक ईंधन विकल्प मिलेगा।![]()
बैठक के उपरांत जिले में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी कैंप कार्यालय में प्रथम आधिकारिक पीएनजी कनेक्शन का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एचपीसीएल के कार्यकारी निदेशक अनुज मेहरोत्रा ने संयुक्त रूप से इस कनेक्शन का उद्घाटन किया।
जिला प्रशासन और एचपीसीएल की इस संयुक्त पहल को जनपद में आधुनिक, स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त ऊर्जा प्रणाली की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे सरकारी परिसरों के साथ-साथ आम नागरिकों और औद्योगिक इकाइयों को भी पीएनजी अपनाने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
इस मौके पर एचपीसीएल के जीए हेड मैनपुरी-कन्नौज राम रतन सिंह, असिस्टेंट मैनेजर (प्रोजेक्ट्स) मोहम्मद अनस सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।