फर्रुखाबाद में सगाई की खुशियों पर मातम, जयपुर से आए पिता की हादसे में मौत![]()
टेन न्यूज ii 04 जून 2026 ii तौफ़ीक़ फारुकी ब्यूरो
फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर डीसीएम और ऑटो की आमने-सामने की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। हादसा भटपुरा गांव के पास हुआ, जहां टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार सभी लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कमालगंज कस्बे के किदवई नगर निवासी 50 वर्षीय रईसुद्दीन अपने परिवार के साथ बेलापुर सरैया गांव से एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही डीसीएम ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे रईसुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई।![]()
घटना की सूचना मिलते ही 102 और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में नसरीन, कामरान, नगमा, तालिब, राजिया, अमरीन, गुड्डन और ऑटो चालक अफसर अली शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार नसरीन और चालक अफसर अली की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि रईसुद्दीन जयपुर में सिलाई का काम करते थे और बेटे कामरान की सगाई में शामिल होने के लिए पांच दिन पहले ही घर आए थे। मंगलवार को बेटे की सगाई हुई थी, लेकिन खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।