ऐदखेड़ा शिव मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों का शिलान्यास, 81 लाख रुपये से होगा कायाकल्प

Ten News !! 06 June 2026 !! नीरज प्रताप सिंह, छिबरामऊ (कन्नौज)
कन्नौज जिले की तहसील छिबरामऊ के ग्राम हरिभानपुर स्थित ऐतिहासिक ऐदखेड़ा शिव मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह गुरुवार को धूमधाम से संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश पर्यटन निगम द्वारा लगभग 81 लाख रुपये की लागत से मंदिर परिसर का विकास कराया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य ऊर्जा मंत्री कैलाश राजपूत तथा पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह रहे। दोनों अतिथियों का क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अतिथियों ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इसके बाद मंदिर परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
समारोह में पर्यटन सूचना अधिकारी मोहम्मद मकबूल, अवर अभियंता निशांत शर्मा, ग्राम प्रधान अमित सिंह बैस, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र शाक्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर के विकास कार्य शुरू होने से क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि परियोजना पूर्ण होने के बाद यह धार्मिक एवं पर्यटन स्थल और अधिक आकर्षण का केंद्र बनेगा।
— नीरज प्रताप सिंह
टेन न्यूज़, छिबरामऊ (कन्नौज)