विश्व पर्यावरण दिवस पर चला पॉलीथीन हटाओ अभियान, दिलाई गई पर्यावरण संरक्षण की शपथ

Ten News !! 06 June 2026 !! रुपेश शर्मा, ब्यूरो चीफ, अलवर (राजस्थान)
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद् अलवर शाखा द्वारा पॉलीथीन हटाओ अभियान, पर्यावरण सुरक्षा शपथग्रहण, सिग्नेचर अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी अलवर के चेयरमैन एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.सी. मित्तल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सरकारी गौशाला, कांजी हाउस, बुद्ध विहार में सफाई एवं पॉलीथीन हटाओ अभियान से हुई, जहां स्वयंसेवकों ने 12 से अधिक बड़े कट्टों में पॉलीथीन एकत्र कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, अलवर में पर्यावरण सुरक्षा शपथग्रहण, सिग्नेचर अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. एस.सी. मित्तल ने स्वस्थ जीवन के लिए योग, लाफ्टर योगा और ध्यान को अपनाने का संदेश दिया। वहीं परिषद् के पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में करीब 400 लोगों ने पर्यावरण सुरक्षा की शपथ लेकर प्रदूषण रोकने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन, चिकित्सक, मेडिकल छात्र, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा भारत विकास परिषद् के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वृक्षारोपण के साथ हुआ।
— रुपेश शर्मा
ब्यूरो चीफ, अलवर (राजस्थान)