खुद का मकान बना मौत का कारण! अलमारी के बोल्ट पर गमछे के फंदे से झूलकर युवक ने दी जान, संपत्ति विवाद की भी चर्चा

Ten News !! 06 June 2026 !! Munish Chandra Sharma
फतेहगंज पूर्वी ÷ क्षेत्र के ग्राम बाकरगंज में एक युवक ने अपने ही मकान के कमरे में फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान भगवानदास पुत्र जीसुखराम शर्मा (लगभग 40 वर्ष) निवासी बाकरगंज के रूप में हुई है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से परिवार में जमीन-जायदाद और संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। चर्चा यह भी है कि मृतक के हिस्से की करीब डेढ़ बीघा जमीन का सौदा हुआ था, जिसका 25 हजार रुपये ब्याना मिल चुका था। इसी को लेकर मृतक और उसके परिजनों के बीच कहासुनी होती रहती थी।
वहीं पूर्व प्रधान ओमकार की पत्नी का कहना है कि भगवानदास लंबे समय से नशे का आदी था और मानसिक रूप से परेशान रहता था। उनका दावा है कि भगवानदास ने करीब 80 हजार रुपये के बदले अपना मकान ओमकार के नाम रजिस्ट्री कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक का भाई प्रेमपाल उसे अक्सर रुपये मांगने के लिए उकसाता था।
दूसरी ओर मृतक के भाई प्रेमपाल की पत्नी रंजना ने पूर्व प्रधान ओमकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ओमकार ने भगवानदास को बहला-फुसलाकर और शराब पिलाकर मकान अपने नाम करा लिया था, जिसके चलते वह लगातार तनाव में रहता था। रंजना का आरोप है कि इसी विवाद के कारण भगवानदास मानसिक रूप से परेशान था और गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे उसने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
भगवानदास का शव उसके मकान के कमरे में बनी अलमारी के बोल्ट से गमछे का फंदा लगाकर लटका मिला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
राजकुमार सिंह इंस्पेक्टर फतेहगंज पूर्वी।।