पहले 33 केवी लाइन ने छकाया, फिर केबिल बॉक्स में लगी आग; फतेहगंज पूर्वी में 24 घंटे से बिजली गुल, मचा हाहाकार

Ten News !! 06 June 2026 !! Munish Chandra Sharma
फतेहगंज पूर्वी। भीषण गर्मी के बीच फतेहगंज पूर्वी की जनता पिछले 24 घंटे से बिजली संकट झेलने को मजबूर है। पहले 33 केवी लाइन की समस्या ने लोगों को परेशान किया और उसके बाद अंधरपुरा विद्युत उपकेंद्र के केबिल बॉक्स में आग लगने से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालात यह हैं कि नगर और आसपास के गांवों में हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी जनता की सुध लेने को तैयार नहीं दिख रहे हैं।
शुक्रवार को लगातार बिजली गुल रहने से पेयजल संकट गहरा गया है। घरों के इनवर्टर जवाब दे चुके हैं, व्यापार प्रभावित है और गर्मी से लोग बेहाल हैं। सबसे ज्यादा नाराजगी इस बात को लेकर है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन करने पर अधिकांश लोगों को कोई जवाब नहीं मिला। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जेई और एसडीओ को लगातार कॉल किए गए, लेकिन उन्होंने फोन उठाना तक जरूरी नहीं समझा।
बिजली संकट को लेकर क्षेत्र के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। नागरिकों ने विभागीय कार्यशैली पर सवाल उठाए और जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की। हैरानी की बात यह रही कि जिन ग्रुपों में विभागीय अधिकारी भी जुड़े हैं, वहां भी जेई और एसडीओ ने जनता के सवालों का जवाब देना उचित नहीं समझा।
जनता का यह भी आरोप है कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी इस गंभीर समस्या पर कोई विशेष रुचि नहीं दिखाई। बिजली संकट से हजारों लोग प्रभावित हैं, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि द्वारा विभागीय अधिकारियों पर दबाव बनाते या जनता को राहत दिलाने का प्रयास दिखाई नहीं दिया।
नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते रखरखाव और निगरानी की व्यवस्था दुरुस्त होती तो बार-बार होने वाली ऐसी तकनीकी खराबियों से बचा जा सकता था। फिलहाल लोग बिजली बहाली का इंतजार कर रहे हैं, जबकि विभाग की ओर से स्पष्ट समयसीमा भी नहीं बताई जा रही है।