“अलवर की नेक कमाई फाउंडेशन को राष्ट्रीय सम्मान, सामाजिक सेवा के लिए मिला बड़ा गौरव”![]()
टेन न्यूज ii 07 जून 2026 ii रुपेश शर्मा ब्यूरो
अलवर/राजस्थान। सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली नेक कमाई फाउंडेशन समिति, अलवर को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित “वर्ष की सर्वश्रेष्ठ सामाजिक कल्याण पहल” सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से अलवर जिले में खुशी की लहर है।
यह सम्मान नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित सीएसआर इम्पैक्ट नेशनल समिट के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में देशभर के सामाजिक संगठनों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विशेषज्ञों ने भाग लिया। ![]()
समिट के दौरान नेक कमाई फाउंडेशन की ओर से वर्षभर संचालित सामाजिक गतिविधियों, जनसेवा कार्यों और समाज में आए सकारात्मक बदलावों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। संस्था ने महिला सशक्तिकरण, जरूरतमंद बालिकाओं की सहायता, दिव्यांग एवं मूक-बधिर बच्चों के सहयोग, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी साझा की।
संस्था के कार्यों, नवाचारों और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए निर्णायक मंडल ने फाउंडेशन को “वर्ष की सर्वश्रेष्ठ सामाजिक कल्याण पहल” सम्मान के लिए चयनित किया।
फाउंडेशन के संरक्षक दौलत राम हज़रती और मुख्य समन्वयक अभिषेक तनेजा ने इस उपलब्धि को अलवर जिले, संस्था से जुड़े सहयोगियों, दानदाताओं, स्वयंसेवकों और शुभचिंतकों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण व ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
उन्होंने कहा कि नेक कमाई फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, दिव्यांगजन सहायता और जरूरतमंद परिवारों के सहयोग के लिए अपने प्रयास लगातार जारी रखेगा।