गायब बुजुर्ग का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने का खुलासा, परिजनों ने पुलिस पर सूचना न देने का लगाया आरोप

Ten News !! 08 June 2026 !! Amuk Saxena
तिलहर। नगर से बीते दिनों लापता हुए बुजुर्ग बन्ने अली की पहचान रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर समय रहते जानकारी न देने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला इमली निवासी बन्ने अली 30 मई को किसी बात से नाराज होकर घर से चले गए थे। उनके पुत्र एवं युवा शायर इब्ने हसन ने काफी तलाश के बाद 31 मई की रात कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। इसके बावजूद बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार को तलाश के दौरान चीनी मिल की बाउंड्री से सटी एक मजार के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में बन्ने अली रेलवे ट्रैक की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद जानकारी मिली कि जिस दिन वह घर से लापता हुए थे, उसी दिन रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अज्ञात शव मिलने की सूचना उन्हें नहीं दी, जिसके चलते शव की पहचान नहीं हो सकी और उसका लावारिस के रूप में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनका कहना है कि यदि समय पर सूचना मिल जाती तो वे अपने पिता की पहचान कर अंतिम संस्कार धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कर पाते।
हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।