प्रेम प्रसंग में युवती का शोषण, शादी का दबाव बनाने पर धमकी; एससी/एसटी एक्ट व पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार

Ten News !! 08 June 2026 !! Amuk Saxena
तिलहर/शाहजहांपुर। थाना तिलहर क्षेत्र में एक युवती को प्रेम प्रसंग में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित करने, शादी के लिए दबाव बनाने तथा विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकी देने के मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी तिलहर (सीओ तिलहर) ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त तहरीर एवं जांच के आधार पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ एससी/एसटी एक्ट एवं पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है।
सीओ तिलहर ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में पुलिस संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। मामले की विवेचना प्रचलित है तथा जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।