विकास कार्यों का भुगतान लंबित, प्रधानों ने राज्य मंत्री असीम अरुण को सौंपा शिकायती पत्र

टेन न्यूज़ !! ०८ जून २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। जनपद कन्नौज के विकास खंड सदर की कई ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों के भुगतान को लेकर प्रधानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। भुगतान लंबित होने से विकास कार्य प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए प्रधानों ने समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सदर विधायक असीम अरुण को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
विकास खंड सदर अंतर्गत ग्राम पंचायत बैसापुर पट्टी, बिधासिन, नजरापुर, महाचंदापुर सहित कई पंचायतों के प्रधानों ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार की योजनाओं के तहत कराए गए विकास कार्यों का भुगतान महीनों से लंबित है। उनका कहना है कि सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध होने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे पंचायतों में नए विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
प्रधानों ने आरोप लगाया कि संबंधित ग्राम सचिव द्वारा मामले में लगातार टालमटोल की जा रही है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार एक ग्राम पंचायत के खाते में लगभग 18.48 लाख रुपये उपलब्ध होने के बावजूद विकास कार्यों का भुगतान नहीं किया गया। कई बार अनुरोध करने के बाद भी कोई सकारात्मक कार्रवाई न होने से पंचायत प्रतिनिधियों और पंचायत सहायकों में रोष व्याप्त है।
प्रधानगणों ने राज्य मंत्री असीम अरुण को सौंपे गए ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा लंबित भुगतान शीघ्र जारी कराने की मांग की है। उनका कहना है कि भुगतान न होने से ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है और जनता को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
टेन न्यूज़ कन्नौज के लिए प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।