पीडीए घोटाले और फर्जी वोटों को लेकर सपा का हमला, उच्च स्तरीय जांच की मांग

टेन न्यूज़ !! ०८ जून २०२६ !! प्रभाष चंद्र, टेन न्यूज़, कन्नौज
कन्नौज। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय नसिरापुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष कलीम खान ने कथित पीडीए घोटाले और मतदाता सूची में फर्जी वोट बढ़ाए जाने के मुद्दे को लेकर सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह मामला गरीब, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ बड़ा अन्याय है तथा इसकी निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कलीम खान ने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाने के बजाय चुनिंदा लोगों को लाभान्वित किया गया, जिससे पीडीए वर्ग के अधिकारों का हनन हुआ है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं, जो मामले की गंभीरता को दर्शाते हैं।
जिलाध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 5200 फर्जी वोट जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।
कलीम खान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
प्रेस वार्ता में विधानसभा अध्यक्ष पी.पी. सिंह बघेल, सयुस प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन, विवेक पाल, कुलदीप यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।