नंगली सर्किल से भगत सिंह सर्किल तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

टेन न्यूज़ !! ०८ जून २०२६ !! रुपेश शर्मा ब्यूरो
अलवर/राजस्थान। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से नगर निगम एवं यूआईटी की संयुक्त टीम ने सोमवार को नंगली सर्किल से भगत सिंह सर्किल तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क किनारे, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों और आमजन को निर्देशित किया कि वे सड़क एवं फुटपाथों पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
अभियान के दौरान नगर निगम और यूआईटी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने का आग्रह किया।
इस संबंध में अधिकारी सोहन सिंह नरूका ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।