मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी बैठक के बाद अधिकारियों ने किया पैदल गश्त

टेन न्यूज़ !! ०९ जून २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी एवं उपजिलाधिकारी तिलहर ने थाना तिलहर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ चर्चा की।
बैठक में अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, कानून व्यवस्था का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार को परंपरागत एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में सभी का सहयोग आवश्यक है।
पीस कमेटी बैठक के उपरांत अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गश्त के दौरान आमजन से संवाद स्थापित करते हुए उनसे पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं तथा शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टेन न्यूज़ के लिए तिलहर से विशेष रिपोर्ट।