कन्नौज में हैरिटेज होटल में आग से बचाव एवं आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित

टेन न्यूज़ !! ०९ जून २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
जनपद कन्नौज में आपदा प्रबंधन एवं जनसुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से हैरिटेज होटल में आग से बचाव, आपातकालीन प्रबंधन एवं सेल्फ डिफेंस से संबंधित व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने उपस्थित होकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
मॉक ड्रिल के दौरान होटल परिसर में आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसके बाद फायर सर्विस, आपदा प्रबंधन टीम, यूपी-112, यातायात पुलिस तथा सेल्फ डिफेंस टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया (इवैक्यूएशन), घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने होटल प्रबंधन एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी आपदा या दुर्घटना के समय घबराने के बजाय सतर्कता, सूझबूझ और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने होटल प्रबंधन को अग्नि सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच, आपातकालीन निकास मार्गों को हमेशा अवरोधमुक्त रखने तथा समय-समय पर ऐसे सुरक्षा अभ्यास आयोजित करने के निर्देश दिए।
मॉक ड्रिल के माध्यम से होटल कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में स्वयं की सुरक्षा, होटल में ठहरे अतिथियों की सुरक्षित निकासी और विभिन्न आपातकालीन सेवाओं के साथ समन्वय स्थापित करने की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया क्षमता विकसित करना तथा लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर फायर सर्विस, पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन इकाई, यूपी-112, यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी, होटल प्रबंधन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
बाइट – जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री / पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार
टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की रिपोर्ट