• Wed. Jun 10th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

विकास निधि की कमी से अटके पंचायत के काम, मंदिर निर्माण और पेयजल समस्या बनी चुनौती

ByTen News One Desk

Jun 10, 2026
7 Views

विकास निधि की कमी से अटके पंचायत के काम, मंदिर निर्माण और पेयजल समस्या बनी चुनौती


टेन न्यूज़ ii 10 जून 2026 ii विकास सिसारिया ब्यूरो, जिला नरसिंहपुर/मध्य प्रदेश

नरसिंहपुर जिले की ग्राम पंचायत डोंगरगांव अड़िया में विकास कार्यों की रफ्तार पर्याप्त निधि नहीं मिलने के कारण प्रभावित होती नजर आ रही है। पंचायत क्षेत्र में जहां एक ओर मंदिर निर्माण का कार्य जारी है, वहीं दूसरी ओर कई जरूरी विकास योजनाएं संसाधनों की कमी के चलते अधूरी पड़ी हैं।

पंचायत के सरपंच श्री सतीश ठाकुर द्वारा क्षेत्र में विभिन्न जनहित और विकास कार्य कराए जा रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि शासन से मिलने वाली विकास राशि पर्याप्त नहीं है, जिससे मंदिर निर्माण सहित अन्य कार्यों को समय पर पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सरपंच प्रतिनिधि ने मांग की है कि पंचायत को अतिरिक्त विकास निधि उपलब्ध कराई जाए, ताकि लंबित निर्माण कार्य शीघ्र पूरे हो सकें और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। जानकारी के अनुसार अब तक प्राप्त निधि का उपयोग नाली निर्माण एवं अन्य आवश्यक कार्यों में किया गया है।

बताया गया कि पंचायत के अंतर्गत आने वाले तीन गांवों में अभी कई विकास कार्य लंबित हैं। पंचायत प्रतिनिधियों का आरोप है कि बीते दो वर्षों से जिला कलेक्टर को विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर आवेदन दिए जा रहे हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई अब तक नहीं हो सकी है।

वहीं ग्रामीणों ने नल-जल योजना को लेकर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया।

ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने शासन एवं प्रशासन से क्षेत्र की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने, पर्याप्त विकास निधि उपलब्ध कराने और लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!